कहते हैं मोहब्बत में न तो कोई उम्र देखता है और न ही रिश्ते-नाते। कुछ लोग तो प्रेम-प्रसंग में रिश्ते को शर्मसार तक कर देते हैं। ऐसा ही एक मामला यूपी के बुलंदशहर से सामने आया है। यहां एक महिला अपने भांजे के प्यार में इस कदर चूर हो गई कि उसने पति को गच्चा दे दिया और भागकर बुलंदशहर पहुंच गई। महिला अपने भांजे के साथ होटल में रुकी। पुलिस के आने के डर से दोनों ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत में सुधार होने पर दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई। नगर कोतवाली पुलिस ने मामले में कोई लिखा पढ़ी होने से इंकार किया है। बताया जाता है कि दो दिन पहले दोनों घर छोड़कर यहां आए थे। गौतमबुद्धनगर क्षेत्र की महिला की शादी जहांगीराबाद में हुई थी, जबकि भांजा दिल्ली का रहने वाला है।
दिल्ली के प्रेमनगर करावल नगर क्षेत्र के 22 वर्षीय युवक का प्रेम प्रसंग अपनी रिश्ते की मामी से चल रहा था। उसकी मामी गौतमबुद्धनगर के निक्सन विला बीटा-2 ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की रहने वाली है, जिसकी शादी जहांगीराबाद क्षेत्र के युवक से हुई थी। महिला बीते दिनों मायके गई थी। वहां से 17 जून को भांजे के साथ घर छोड़कर चली गई। उसको तलाशने में नाकाम रहने पर परिजनों ने 20 जून को महिला की गुमशुदगी गौतमबुद्धनगर के थाना बीटा 2 में दर्ज कराई थी। वहीं, युवक की गुमशुदगी उसके परिजनों ने 20 जून को ही दिल्ली के थाना दयालपुर में दर्ज कराई थी। गौतमबुद्धनगर और दिल्ली पुलिस द्वारा दोनों की तलाश की जा रही थी।
दिल्ली पुलिस को शनिवार को सूचना मिली कि युवक महिला रिश्तेदार के साथ बुलंदशहर के पुराने रोडवेज बस स्टैंड के समीप होटल में रुका हुआ है। दिल्ली पुलिस ने नगर पुलिस से संपर्क किया। उधर, पुलिस आने की भनक पाकर महिला ने अपने प्रेमी भांजे के साथ जहर खा लिया। पुलिस ने होटल में पहुंचकर प्रेमी युगल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार आ गया। इसके बाद दिल्ली पुलिस आवश्यक लिखापढ़ी कर उनको अपने साथ ले गई है।
नगर कोतवाली प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह राठौर का कहना है कि महिला का अपने रिश्ते के भांजे के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसके चलते दोनों लोग अपना घर छोड़कर आ गए थे और बुलंदशहर में दोनों ने जहरीले पदार्थ खा लिया था। हालत में सुधार होने के बाद दिल्ली पुलिस उनको साथ ले गई।