साढ़े पांच फीट की आदिवासी लड़कियों की तलाश करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के मुताबिक वे तंत्र मंत्र के लिए लड़कियों की तलाश कर रहे थे। गिरोह के तार झारखंड से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस कुछ और सदस्यों की तलाश में जुटी है।
सोनभद्र में शनिवार को साढ़े पांच फीट की आदिवासी लड़कियों की तलाश से जुड़े एक वीडियो के वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दुद्धी निवासी अवधेश तिवारी और म्योरपुर के हरहोरी गांव निवासी सतेंद्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मिर्जापुर में एक व्यक्ति ट्रेन में मिला था। उसने बताया था कि साढ़े पांच फीट लंबी आदिवासी लड़कियां ढूंढ़ कर लाओ। लड़कियों से देवी प्रकट कराएंगे। धन की वर्षा होगी और खाते में पैसा आएगा। ट्रेन में मिला व्यक्ति झारखंड का बताया जा रहा है।
लालच में आकर अवधेश ने सतेंद्र प्रताप सिंह से संपर्क किया। इसके बाद सतेंद्र ने म्योरपुर क्षेत्र के विभिन्न गांव में संपर्क शुरू किया। कुछ लड़कियों से संपर्क भी हुआ। इस बीच एक महिला सामाजिक कार्यकर्ता ने वीडियो बनाकर भंडाफोड़ कर दिया। सीओ दुद्धी राजेश राय ने बताया कि मामला धर्म परिवर्तन का नहीं लगता है। यह तंत्र-मंत्र से जुड़ा है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने जारी बयान में कहा कि मामले से जुड़े दो आरोपी अवधेश तिवारी और सतेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।