मानव तस्करों ने लड़की का 65 हजार में किया सौदा, मां-बेटे समेत 5 अरेस्ट,

0
94

एक किशोरी को पुलिस ने तीन माह पांच दिन बाद मानव तस्करों के चंगुल से मुक्त करा दिया। साथ ही खरीदार व बेचने में शामिल मां-बेटे समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक बुजुर्ग महिला भी हैं, जो किशोरी को रेलवे स्टेशन से बहला-फुसलाकर ले गई थी। वहां एक माह तक मकान में रखा। फिर 65 हजार रुपये में उसका सौदा करके शादी करा दी गई। पुलिस ने किशोरी के कोर्ट में बयान कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

गांधीपार्क थाना क्षेत्र के एक इलाके की 16 साल की किशोरी एक मई को स्कूल के लिए गई थी। लेकिन, वापस नहीं आई। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। इस आधार पर किशोरी के आगरा में होने की जानकारी मिली। दो दिन पहले पुलिस ने आगरा के थाना डौकी क्षेत्र के गांव विसहरी निवासी पुनीत उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया। पुनीत वर्तमान में आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के सुशील नगर यमुना ब्रिज में रह रहा है। उसी के घर से किशोरी को बरामद किया गया। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह एक मई को रेलवे स्टेशन पहुंच गई थी। वहां हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के कछपुरा निवासी मंजू पत्नी बालकिशन मिली। वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ट्रेन से आगरा ले गई। वहां बरहन क्षेत्र के गांव मझउआ निवासी रामबेटी पत्नी रामप्रकाश व उसके बेटे प्रमोद कुमार के घर पर उसे एक महीना पांच दिन तक रखा गया। पांच जून को बरहन क्षेत्र के गांव बाधनू निवासी बालकांत शर्मा व गिरीश की मदद से किशोरी की पुनीत से कराई गई। उसे 65 हजार रुपये में बेचा गया। इस आधार पर पुलिस ने बालकांत, प्रमोद, रामबेटी, मंजू को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। साथ ही मुकदमे में पॉक्सो व दुष्कर्म आदि की धाराएं बढ़ाई गई हैं। इनके पास से 12 हजार 600 रुपये बरामद किए गए हैं।

पहले भी लड़कियों को बेच चुका है गिरोह :

पूछताछ में मंजू ने बताया कि वह टीबी की दवा लेने के लिए अलीगढ़ आई थी। लेकिन, जांच में पता चला कि मंजू पूर्व में भी इसी तरह स्टेशन पर पहुंचकर ऐसी लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जा चुकी है, जो अपने घर से नाराज होकर आई हों। उनसे कहती थी वह उन्हें अच्छी जगह रखेगी और अच्छे घर में शादी करा देगी। आरोपियों ने तीन-चार लड़कियों को बेचने की बात स्वीकारी है। इनके बारे में पुलिस जांच कर रही है।

खेत बेचकर आरोपी ने दिए थे रुपये :

पुलिस के अनुसार पुनीत की शादी नहीं हो रही थी। इसी बीच मंजू ने उसे अपना रिश्तेदार बताकर शादी का प्रस्ताव रखा और 65 हजार रुपये मांगे। इस पर पुनीत ने खेत बेचकर रुपये दिए थे। आरोपियों ने किशोरी को इस कदर चंगुल में फंसा लिया था कि वह शुरुआत में उन्हीं के पक्ष में बात कर रही थी।

व्हॉट्सएप पर फोटो भेजकर तय की शादी :

किशोरी को घर पर रखने के दौरान ही आरोपियों ने उसे बेचने की तैयारी कर ली। इसी बीच पुनीत के रिश्तेदार संपर्क में आ गए। उनको व्हॉट्सएप पर किशोरी की फोटो भेजी गई और वहीं शादी तय कर ली।

तीन सहेलियों के साथ गई थी किशोरी :

पुलिस के अनुसार एक मई को किशोरी अपनी तीन सहेलियों के साथ निकली थी। स्कूल न जाकर चारों छात्राएं मैरिस रोड स्थित एक कैफे में गईं। साथ में लड़के भी थे। वहां चाय पी और समय बिताने के बाद तीनों सहेलियां अपने रास्ते चली गईं। किशोरी ने एक सहेली के घर में ड्रेस बदली थी। जब वह लौटकर उसके घर पहुंची तो सहेली नहीं मिली और उसके घर पर ताला लगा हुआ था। इसी बीच उसे जानकारी हुई कि एक अन्य सहेली के घर पहुंचने पर उसके भाई ने उसे डांटा है। इस पर वह डर गई और उन्हीं कपड़ों में अपने घर न जाकर रेलवे स्टेशन चली गई, जहां उसे मंजू मिली। आटो से स्टेशन जाते हुए किशोरी सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here