पत्नी ने खाने को बुलाया तभी आई गोली की आवाज, दो मिनट में उजड़ गया घर

0
506

हल्द्वानी के हरिपुर, लालमणि निवाड़ में रविवार दोपहर अचानक चली गोली ने खुशहाल आंगन को मातम में बदल दिया। पत्नी ने कुछ मिनट पहले ही खाने के लिए पुकारा था, लेकिन पलभर में ही कमरे से गोली की आवाज आई और किसान खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिला। घटना से पूरे इलाके में सनसनी है।

परिजनों के मुताबिक, मौत से महज दो मिनट पहले कुंदन आंगन में टहल रहे थे। उनकी पत्नी हीरा देवी ने आवाज लगाई—“खाना परोस दिया है, आकर खा लो।” लेकिन कुछ ही पलों बाद कमरे से गोली चलने की आवाज आई। जब परिजन अंदर पहुंचे तो कुंदन खून से लथपथ अचेत पड़े थे। दीवार पर गोली के चीथड़े बिखरे हुए थे।

परिवार में मातम

रामपुर रोड निवासी शंकर सिंह नेगी ने बताया कि कुंदन उनके मामा थे। करीब पांच दशक पहले गंगोलीहाट से हल्द्वानी आकर बस गए थे। उनका परिवार खेती-बाड़ी करता है। हाल के दिनों में वे अपने बेटे के लिए मकान बनवा रहे थे। कुंदन चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे।

कुंदन के तीन बेटे हैं—सबसे बड़े जगदीश जिला उद्योग विभाग में कार्यरत हैं, लक्ष्मण कारोबार करते हैं जबकि सबसे छोटा बेटा तारा सिंह घर पर ही रहता है। घटना के समय एक बेटा रानीखेत गया हुआ था।

परिजन बेसुध, जांच में जुटी पुलिस

कुंदन की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। पत्नी, बहू और बहन बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ीं। पत्नी रोते हुए कह रही थी—“आपने ऐसा क्यों किया, अब मेरा क्या होगा।” उधर फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपल लिए और पूछताछ की। स्थानीय लोगों का कहना था कि कुंदन का व्यवहार बेहद शालीन था। हालांकि एक महिला ने दावा किया कि वह पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here