कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे भाजपाई, कांग्रेसियों ने किया पथराव

0
142

बिहार चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा मंच से की गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी को लेकर पूरे देश में भाजपा विरोध जता रही है। यूपी के कई जिलों में भी भाजपाइयों ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। सोमवार को खीरी में भाजपाइयों ने कांग्रेस दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ की तो वहीं इटावा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस दफ्तर घेराव करने पहुंचे। इस कांग्रेसियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर पथराव कर दिया। फेंके गये पत्थर भाजपा विधायक, जिलाध्यक्ष समेत कई भाजपाईयों को लगे। इससे नाराज भाजपाई धरने पर बैठ गये। पुलिस ने कार्यालय के अंदर से कांग्रेस के आठ नेताओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद भाजपाईयों ने धरना समाप्त कर दिया।

भाजपा विधायक सरिता भदौरिया, जिलाध्यक्ष अरुण गुप्ता अन्नू, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिव महेश दुबे समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे नगर पालिका चौराहे के पास स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। भाजपाईयों के पहुंचते ही दूसरी मंजिल पर स्थित कार्यालय से कांग्रेसियों ने भाजपाईयों पर पथराव कर दिया। इससे भाजपाईयों में भगदड़ मच गयी। पत्थर विधायक व जिलाध्यक्ष समेत आधा दर्जन को लगे। नाराज भाजपा के लोग कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुये धरने पर बैठ गये। एडीएम, एसपी सिटी ने पहुंचकर भाजपा नेताओं को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वे नहीं माने।

भाजपाई कांग्रेसियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। भाजपाईयों के सख्त तेवर देखकर भारी पुलिस फोर्स कांग्रेस कार्यालय में घुस गई और कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत आठ कांग्रेसियों को गिरफ्तार करके कोतवाली ले गई। तब जाकर भाजपाई माने। एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे भाजपाईयों पर पथराव किया गया। पथराव से कोई घायल नहीं हुआ है। लेकिन ये कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का मामला है। इसलिये दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here