सरायममरेज थानाक्षेत्र के खखैचा गांव में गुरुवार को तालाब में 19 वर्षीय किरन का शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। किरन मंगलवार देर रात घर से लापता हो गई थी। परिजनों व ग्रामीणों ने सिर कूंचकर हत्या करने के बाद शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर सिर कूंचकर हत्या से इनकार करते हुए प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है। उधर, किरन की मौत की जानकारी पर उसके प्रेमी ने जहर निगल लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
खखैचा गांव के स्वर्गीय राजेंद्र भारतीया की 19 वर्षीय बेटी किरन उर्फ मंसू मंगलवार देर रात लगभग दो बजे घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को कम्पोजिट विद्यालय के समीप तालाब में उतराया शव दिखा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। परिजनों ने बताया कि बीते दस अगस्त को किरन के पिता और 19 अगस्त को दादा का निधन हुआ था। घर पर मंगलवार को दादा शिवमूरत भारतीय की तेरहवीं थी।
परिजनों का आरोप है कि मंगलवार की देर रात किसी से मोबाइल पर बात करने के बाद किरन घर से निकली थी। उधर, पुलिस के अनुसार, किरन का अपने चचेरे भाई के साले अजीत से प्रेम संबंध था। लड़की के मोबाइल में वाट्सएप चैट की जांच में जानकारी हुई है। दोनों के रिश्ते को लेकर परिजनों ने आपत्ति जताते हुए डांट फटकार लगाई थी। तालाब में कूदने से पहले किरन ने अजीत को मैसेज कर जान देने की भी बात लिखी थी। इसकी जानकारी होते ही बुधवार को अजीत ने जहर निगल लिया। पुलिस का कहना है कि बुधवार की सुबह की तालाब किनारे किरन के परिजनों को चप्पल व दुपट्टा मिला था। उन्हें अंदेशा हो गया था कि किरन तालाब में कूद गई है। इसके बावजूद उन्होंने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। यहां तक कि उसके लापता होने पर गुमशुदगी भी दर्ज नहीं कराई गई। पुलिस अस्पताल पहुंचकर अजीत से जानकारी लेने में जुटी है।
डीसीपी गंगानगर, कुलदीप सिंह गुनावत ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। युवती के वाट्सएप चैट में एक युवक से संबंध होने की जानकारी मिली है। सिर कूंचकर हत्या की बात गलत है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है।
हत्या-आत्महत्या के बीच उलझी किरन की मौत
खखैचा गांव में गुरुवार सुबह तालाब में किरन का शव मिलने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। हालांकि उसकी मौत हत्या या आत्महत्या बीच उलझी हुई है। पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है, वहीं परिजनों का आरोप है कि किरन रिश्तेदारी में एक युवक से मोबाइल पर बात करती थी। वह मोबाइल पर बात करने के बाद ही मंगलवार देर रात बिना बताए घर से निकली थी। फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
किरन तीन बहन और एक भाई में सबसे बड़ी थी। इंटर तक पढ़ाई पूरी करने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने से आगे की पढ़ाई नहीं की। उसके दादा शिवमूरत भारतीया की मंगलवार को तेरहवीं थी। घर पर नाते-रिश्तेदार जुटे थे। उसकी छोटी बहन आंचल और आकांक्षा ने बताया कि मंगलवार देर रात किरन मोबाइल पर किसी से बात की थी। वह रात लगभग दो बजे कमरे में नहीं थी। परिजनों ने रातभर और दूसरे दिन बुधवार को भी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। हालांकि परिजनों ने थाने में गुमशुदगी नहीं दर्ज कराई थी।
इधर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। शरीर में बाहरी और आतंरिक चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि दो दिन पहले भी परिजनों ने किसी लड़के से अक्सर मोबाइल पर बात करने पर किरन को डांटा था। आशंका है कि इससे क्षुब्ध होकर उसने जान दी है। तालाब किनारे किरन का दुपट्टा और चप्पल मिली है।
28 दिन के अंदर परिवार के तीन लोगों की जान गई
किरन की मौत से परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मात्र 28 दिन के अंदर परिवार में तीसरी मौत से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। किरन के पिता राजेंद्र भारतीया हैंडपंप मरम्मत करने का काम करते थे। राजेंद्र का दस अगस्त को निधन हो गया था। इसके बाद 19 अगस्त को किरन के दादा शिवमूरत भारतीया की मौत हो गई। अभी परिवार इस सदमे से उबर ही नहीं सका था कि किरन की मौत की खबर मिल गई। किरन की मौत से मां रेखा देवी, बहन आंचल व आकांक्षा और भाई मोहित का रो-रोकर बुरा हाल बना रहा। हंसमुख स्वभाव की किरन की मौत से ग्रामीणों में भी मातम छाया है।









