पति से झगड़ा करके गंगा में कूदी महिला, मगरमच्छ देखकर पूरी रात पेड़ पर बैठी रही

0
276

यूपी के उन्नाव में पति से झगड़ने के बाद एक महिला ने शुक्रवार देर रात जाजमऊ पुल से गंगा में छलांग लगा दी। हालांकि उसे तैरना आता था तो वह तैरते हुए किनारे पर जाने लगी। तभी उसे एक मगरमच्छ दिख गया। मगरमच्छ से डरी महिला चंदन घाट के पास अमरूद के पेड़ पर चढ़ गई और रातभर बैठी रही। तड़के जब लोगों ने उसे देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने महिला को नीचे उतरवाया।

गंगा में कूदने वाली महिला अहिरवां कानपुर की रहने वाली मालती देवी है। जाजमऊ पुलिस चौकी में पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसका शुक्रवार रात को पति सुरेश से झगड़ा हो गया था। इससे नाराज होकर वह करीब 11 बजे जाजमऊ गंगा पुल पहुंची और छलांग लगा दी। मालती के मुताबिक उसे तैरना आता था, इसलिए वह किनारे की ओर जाने लगी। तभी उसे एक बड़ा मगरमच्छ नजर आया। इससे डरकर वह चंदन घाट के पास बाबा की बगिया की ओर पहुंची और एक अमरूद के पेड़ पर चढ़कर बैठ गई। तड़के करीब चार-पांच बजे जब कुछ किसान गुजरे तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारा और जाजमऊ चौकी ले आई। बताया जा रहा कि एक शराबी युवक ने महिला के गंगा में कूदने की जानकारी जाजमऊ चौकी को दी थी, लेकिन युवक के नशे में होने के कारण पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। चौकी इंचार्ज विनय यादव ने बताया कि महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here