देहरादून पुलिस ने नेहरू कॉलोनी और रायपुर क्षेत्र में हुई पर्स छीनने की वारदातों का खुलासा करते हुए एमटेक डिग्रीधारी युवक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह आरोपी महिलाओं को अपना शिकार बनाकर लगातार लूटपाट कर रहा था, और पहले से ही वांटेड था।
गिरफ्तार किए गए आरोपी अमनदीप उर्फ नानू (25 वर्ष), निवासी अपर नेहरूग्राम, और कुणाल चौहान (28 वर्ष), निवासी न्यू टाइप 3सी, ओएफडी स्टेट हैं। कुणाल ने एमटेक की डिग्री हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन स्मार्टफोन, ₹2,500 नकद, हैंडबैग, आधार, डेबिट और पैन कार्ड के अलावा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि नेहरू कॉलोनी थाने में सीमा ममगाईं ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि एमडीडीए कॉलोनी बिजलीघर के पास बाइक सवारों ने उनका बैग छीन लिया, जिसमें मोबाइल और जरूरी दस्तावेज थे।
पुलिस ने शनिवार रात अजबपुर फ्लाईओवर के पास कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और उन्हें जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।









