देहरादून में एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी को लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट कराने के नाम पर साइबर ठगों ने 3.88 लाख रुपये का चूना लगा दिया। सेवानिवृत्त कर्मचारी शांति स्वरूप, निवासी पंडितवाड़ी, ने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर पेंशन से जुड़े एक अपडेट को देखा। उसमें लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के लिए एक लिंक दिया गया था। उन्होंने बिना सोचे समझे लिंक खोला और ‘YES’ बटन दबा दिया।
इसके थोड़ी देर बाद उनके बैंक खाते से बड़ी रकम कटने लगी। उन्हें पता चला कि लिंक फर्जी था और ठगों ने उनकी निजी जानकारी का इस्तेमाल करके खाते से 3.88 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर बसंत विहार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और साइबर सेल मामले की जांच में जुट गई है।
ट्रेडिंग के नाम पर युवक से 14 लाख ठगे
दूसरे मामले में रायपुर क्षेत्र के युवक से निवेश के नाम पर 13.72 लाख ठग लिए गए। पुलिस ने साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी के अनुसार, सुरेंद्र निवासी सहस्रधारा रोड ने तहरीर दी कि उन्हें अगस्त में अनजान नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया था। बताया गया कि वो ट्रेडिंग से कमाई कर सकते हैं। उनसे एक अकाउंट खुलवाया गया। वैशाली नाम की युवती ने उन्हें कॉल किया। उसने दूसरे नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा। इसके बाद उनका ट्रेडिंग अकाउंट चलने लगा।
शुरुआत में 50 हजार रुपये जमा कराए गए। कुछ दिन बाद दो लाख रुपये लिए गए। इसके बाद उनसे लगातार रुपये जमा कराए गए। 13 लाख रुपये अधिक जमा करने के बाद उन्होंने कुछ रुपये अकाउंट से निकालने चाहे तो नहीं निकले। उसने और रुपयों की डिमांड की गई। इसके बाद उनको साइबर ठगी का शिकार हुआ। अब पुलिस जांच कर रही है।









