अंकिता भंडारी की मां के कांग्रेस से चुनाव लड़ने की अटकलें, राहुल गांधी से टिकट की मांग

0
2

अंकिता भंडारी की मां कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं। कांग्रेस महामंत्री ने राहुल गांधी से सोनी देवी के लिए टिकट की मांग की है।

दिवंगत अंकिता भंडारी की मां के कांग्रेस के टिकट पर उत्तराखंड विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें हैं। अंकिता भंडारी की मां के लिए कांग्रेस प्रदेश महामंत्री ने राहुल गांधी से टिकट देने की मांग की है। कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री सोनिया आनंद ने सोशल मीडिया पर कहा कि दिवंगत अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी को चुनाव में टिकट मिलना चाहिए।

सोनिया ने कहा कि यह जरूरी है कि सोनी देवी एक राजनीतिक ताकत के साथ अपनी बेटी के न्याय की लड़ाई लड़ें। उन्होंने बताया कि वह इस संबंध में जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष और राहुल गांधी को पत्र लिखेंगी। इस मांग के बाद पार्टी के भीतर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है, जहां एक वर्ग जन-संवेदनाओं को वोट में बदलने की संभावनाएं देख रहा है। हालांकि, कुछ पदाधिकारियों ने इसे महज चर्चा बताया है। उनका कहना है कि राजनीति में उतरने से सोनी देवी की न्याय की मूल लड़ाई कमजोर पड़ सकती है।

अंकिता के माता-पिता ने विनोद आर्य के नार्को टेस्ट की मांग की

अंकिता भंडारी हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के उस बयान के बाद किशोरी के माता पिता ने विनोद का भी नार्को एनालिसिस परीक्षण किए जाने की मांग की है जिसमें उन्होंने युवती के आत्महत्या कर लेने का दावा किया था।

अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने कहा, ”इस मामले में जिस व्यक्ति को वीआईपी बताया जा रहा है, उसे सिक्किम का राज्यपाल बना दिया गया है। हमने बस यही मांग की थी कि सीबीआई जांच पूरी होने तक इस नियुक्ति को रोक दिया जाए… इसके बाद, आरोपी के पिता विनोद आर्य ऐसे बयान दे रहे हैं, जो उत्तराखंड के नागरिकों के मुंह पर एक तमाचे की तरह हैं।”

उन्होंने कहा कि विनोद आर्य अंकिता के बारे में गलत बातें कह रहे हैं, जबकि अदालत पहले ही तीनों आरोपियों को दोषी ठहरा चुकी हैं।

अंकिता प्रकरण पर भाजपा विधायक के बयान से सियासत गर्मायी

दूसरी ओर भाजपा के विधायक दिलीप रावत के बयान पर कांग्रेस लगातार हमलावर है। विधायक ने कहा था कि अगर अंकिता भंडारी के माता-पिता की एकमात्र मांग अपनी बेटी के लिए न्याय पाना है, तो उन्हें राज्य सरकार से मिली आर्थिक सहायता ठुकरा देनी चाहिए। कांग्रेस ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया भी व्यक्त की और बयान की कड़ी निंदा की।

दुष्यंत गौतम के खिलाफ अंकिता के माता-पिता ने मोर्चा खोला

बता दें कि 14 अक्टूबर को भाजपा के वरिष्ठ नेता दुष्यंत गौतम के सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर अंकिता भंडारी के माता-पिता लगातार उनकी नियुक्ति रद्द करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने दो बार दिल्ली में पहले इंडिया गेट फिर राजघाट पर धरना किया। दोनों बार उन्हें पुलिस द्वारा जबरन स्थल से हटाया गया। अंकिता के माता-पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या के पीछे जिस वीआईपी का नाम सामने आ रहा है, वह दुष्यंत गौतम हो सकते हैं। वे मामले में सीबीआई जांच चाहते हैं।

कांग्रेस पार्टी बदलाव की आवाज बनेगी : सैलजा

कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है। लोहाघाट में हुई जनसभा में उन्होंने कहा कि यहां महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी बदलाव की आवाज बनेगी। लोहाघाट रामलीला मैदान में बुधवार को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने सरकार पर हमला बोला। कहा कि प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा बदहाल है। भ्रष्टाचार का बोलबाला है। बड़े-बड़े प्रोजेक्ट के नाम पर जनता की कमाई का दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े मामले में सरकार को कटघरे में खड़ा किया। कहा कि भाजपा शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की जमीन और जंगलों को बेच रही है। उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि पेपर लीक से युवा परेशान हैं। प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी को बचा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here