देहरादून में कूड़े के ढेर में लड़की की लाश, गला रेतकर मार डाला; गर्दन-चेहरे पर गहरे वार

0
2

देहरादून में कूृड़े के ढेर में लड़की की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, लड़की की गला रेतकर हत्या की गई। पहचान छिपाने के लिए गर्दन और चेहरे पर कई और गहरे वार मिले हैं।

राजधानी देहरादून में युवती की नृशंस हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, धारदार हथियार से युवती का गला रेत दिया गया। पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर भी कई वार किए गए। बुधवार को जामुनवाला के जंगल में कूड़े के ढेर में सीमेंट के कट्टों और पॉलिथिन से ढका युवती का शव मिला। युवती की लाश के हाथ पर टैटू गुदा है। मौके पर खून के निशान नहीं मिलने से पुलिस ने दूसरी जगह हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई है।

एक व्यक्ति बुधवार को जंगल में कूड़ा फेंकने गया था। इसी दौरान उसकी नजर कूड़े के ढेर में पड़े शव पर पड़ी। शव सीमेंट के कट्टों और पॉलिथिन के थैलों से ढका था। उसने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। प्रधान ने प्रेमनगर पुलिस को जानकारी दी। एसपी सिटी शेखर सुयाल, एसओ प्रेमनगर गिरीश नेगी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने कट्टे और पॉलिथिन हटाए तो उनके नीचे युवती का शव मिला। युवती ने पीले रंग का सूट पहना था। उसके गले और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। एसओ गिरीश नेगी ने बताया कि युवती की पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या मंगलवार रात किए जाने की आशंका है।

टैटू खोलेगा जंगल में मिली लाश का राज!

मृतका की शिनाख्त और मामले की जांच में पुलिस इसी के आधार पर आगे बढ़ रही है। शहर में जामुनवाला के जंगल में बुधवार को मिले युवती के शव की पहचान पुलिस के लिए चुनौती बनी है। मृतका की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार किए गए हैं। ऐसे में पुलिस उसके हाथ पर बने टैटू के आधार पर शिनाख्त में जुटी है।

घटनास्थल पर खून नहीं मिलने से पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई। उसके बाद शव को जामुनवाला के जंगल में लाकर कूड़े के ढेर के पास फेंक दिया गया। जिस जगह शव मिला, वहां आमतौर पर कूड़ा फेंका जाता है। ऐसे में पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि हत्यारा इलाके और इस स्थान से परिचित था। पुलिस वारदात में एक या एक से अधिक लोगों के शामिल होने के पहलू पर भी जांच कर रही है।

मृतका की पहचान के लिए पुलिस उसके हाथ पर बने टैटू को अहम आधार बना रही है। जिले के सभी थानों के साथ आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा पुलिस जंगल तक आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की भी तैयारी में जुट गई है। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि घटनास्थल पर खून के निशान नहीं मिले हैं। इससे कहीं और हत्या कर शव यहां ठिकाने लगाए जाने की आशंका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here