प्रेमी के फांसी लगाकर मरने की खबर सुनकर तनाव में आई उसकी नाबालिग प्रेमिका ने भी फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस घटना के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। प्रेमी यूपी के रामपुर का रहने वाला था और लड़की हल्द्वानी में रह रही थी।
मूल रूप से यूपी के मिलक, रामपुर निवासी और हाल मुखानी में रहने वाले 25 वर्षीय विकास ने रविवार को निर्माणाधीन मकान में फंदे से लटक कर जान दे दी थी। घटना से पहले उसकी बात प्रेमिका से हुई थी। वह राजमिस्त्री का काम करता था। जिस मकान में उसने फांसी लगाई, वह उसी में काम कर रहा था।
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस के अनुसार सोमवार को विकास के मरने की खबर काठगोदाम निवासी 16 साल की उसकी प्रेमिका को लगी तो वह सदमे में आ गई। नाबालिग ने पंखे पर दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। दोनों में आठ -नौ माह पहले ही सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। मृतका मूल रूप से पीलीभीत, यूपी निवासी थी।
युवती को लेकर विवाद में लड़के को गोली मारी
रुड़की, संवाददाता। एक युवक को गांव के ही एक युवक ने तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, जांच में घटना के पीछे आपसी विवाद सामने निकलकर आया है।
युवती को लेकर विवाद होने की चर्चा
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि विवाद के पीछे एक युवती का मामला है। चर्चा है कि युवती को लेकर दोनों के बीच काफी दिनों से तनातनी चली आ रही थी। जिसे लेकर मंगलवार की शाम विवाद बढ़ गया और आरोपी युवक ने सहबान को गोली मार दी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले में रंजिश और अन्य बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।
घटना क्या हुई
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित बेलड़ा गांव निवासी पप्पू उर्फ सहबान (24) पुत्र रिजवान मंगलवार शाम गांव के पास स्थित तालाब के किनारे खड़ा होकर कुछ युवकों से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गांव का ही एक युवक वहां पहुंचा और उसका सहबान से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पप्पू के दाएं हाथ और पीठ पर तमंचा सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही पप्पू जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचकर उपचार दिलाया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि युवक खतरे से बाहर है।











