अपनी बहन को 210 करोड़, हमारी बहनों को 10 हजार; भाजपा पर बरसी कांग्रेस

0
5

चुनावी लाभ के लिए ‘बैणी-भुली’ योजना के जरिए महिलाओं को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने चुनिंदा के बजाय उत्तराखंड की सभी महिलाओं को सम्मान राशि देने की मांग की है। इस दौरान नेताओं ने ‘अपनी बहन को 210 करोड़, हमारी बैणियों को पांच-दस हजार’ का पोस्टर भी जारी किया। इसमें कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े कथित 210 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोपों को दर्शाया गया था।

यह पोस्टर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जारी किया। गोदियाल ने कहा कि चुनाव से पहले और बाद में 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा सत्ता बचाने की हताश कोशिश है।

ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी की ओर से इसे गेम चेंजर बताने से सरकार की मंशा स्पष्ट हो गई है कि प्राथमिकता महिला कल्याण नहीं, बल्कि चुनाव जीतना है। उन्होंने सवाल उठाया कि पांच साल तक अनदेखी के बाद अब चुनाव के समय नकद राशि क्यों दी जा रही है, जबकि महिलाओं को स्थायी रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर माह सम्मान राशि मिलनी चाहिए। प्रेस वार्ता में राजेंद्र सिंह भंडारी, कर्नल राम रतन नेगी (सेनि), पंखुड़ी पाठक और डॉ. प्रतिमा सिंह भी मौजूद रहे।

हरीश ने लाभार्थियों की संख्या पर उठाया सवाल

पूर्व सीएम हरीश रावत ने लाभार्थियों की संख्या पर सवाल उठाते हुए कहा कि करीब 43 लाख 7 हजार बालिग महिलाओं और 19 लाख 7 हजार 974 बैंक खातों के मुकाबले केवल 5 लाख 23 हजार महिलाओं का चयन भेदभावपूर्ण है। उन्होंने चुनाव बाद की 10 हजार रुपये की किस्त भी दिसंबर में ही देने और सभी पात्र महिलाओं को लाभ देने की मांग की।

स्थायी रोजगार, हर माह सम्मान राशि देगी कांग्रेस

कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा पर महिला सुरक्षा और अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुद्दे पर घेरते हुए करदाताओं के पैसे के दुरुपयोग का आरोप लगाया। वहीं डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के लिए स्थायी रोजगार और हर माह सम्मान राशि जरूरी है, जिसे कांग्रेस की सरकार बनने पर लागू किया जाएगा।

कांग्रेस अन्य योजनाओं की जानकारी भी जुटाए: सुबोध

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है और सरकार की हर योजना गेम चेंजर साबित होने जा रही है। कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए उनियाल ने कहा कि कांग्रेस को महज एक योजना को अवसरवादी बताने की बजाय अन्य योजनाओं और उनसे लाभान्वित होने वाली मातृ शक्ति के बारे में जानकारी जुटाने चाहिए। महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30% क्षैतिज आरक्षण तो सहकारी समितियों में 33% आरक्षण है। मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के लाभ महिलाओं को मिल रहे हैं तो मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना में 1.5 लाख तक अनुदान की व्यवस्था है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here